बहराइच। नगर पंचायत जरवल के मोहल्लों में सफाई कर्मियों द्वारा कूड़े का ढेर डंप किया जा रहा है। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। मगर शिकायत के बाद भी मोहल्लों से डंप कूड़े को हटाया नहीं जा रहा है। बारिश में समस्या और गंभीर होती जा रही है। परेशान लोगों ने एडीएम को पत्र भेजकर डंप कूड़े को हटवाने की मांग की है।
जरवल नगर पंचायत के जामा मस्जिद मोहल्ले में आबादी के बीच सफाईकर्मियों ने कूड़े का ढेर लगा दिया है। भीषण गर्मी व बारिश के चलते कूड़े के ढेर से संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
इसकी शिकायत नगर के लोगों ने ईओ से की, मगर सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ला निवासी अनीस अहमद, फरीद, मुन्नू, जमील, अनवर, गुड्डू सहित दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षरित पत्र अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा को भेजा है।
इसमें मोहल्ले से कूड़े का ढेर हटवाने की मांग की गई है। ताकि संक्रामक रोग से लोगों का बचाव हो सके। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत देव कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आबादी के बीच कूड़े का ढेर लगाने का कोई प्रावधान नहीं है। संबंधित सफाई नायक को कड़ी फटकार लगाते हुए कूड़े का ढेर आबादी के अंदर डंप करने से रोका गया है।