बहराइच। नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अब मरीजों को डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलेगी। इसके लिए यहां पांच लाख रुपये की लागत से मशीन की स्थापना कराई गई है।
डिजिटल मशीन स्थापित होने से नानपारा नगर के साथ ही पांच ब्लॉक क्षेत्र के मरीजों को एक्सरे कराने की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की करीब चार लाख की आबादी को सहूलियत मिली है।
नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे मशीन नहीं थी। इससे नानपारा नगर के साथ ही मिहींपुरवा, बलहा, शिवपुर, नवाबगंज और रिसिया ब्लॉक क्षेत्र के मरीजों को डिजिल एक्सरे व जांच के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था।
अधिक रुपये भी खर्च करने पड़ते थे। इस समस्या को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र लिखा था। सीएमओ ने समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्रभाल ने बताया कि अस्पताल परिसर में डिजिटल एक्सरे मशीन की स्थापना हो गई है। एक्सरे मशीन पुणे स्थित कृष्णा डायग्नोस्टिक सेंटर से मंगाई गई है।
डिगिजल एक्सरे मशीन की स्थापना से नानपारा नगर के साथ ही पांच ब्लाकों की चार लाख से अधिक की आबादी को जांच व इलाज में लाभ मिलेगा। डॉ. चंद्रभाल ने बताया कि एक्सरे होते ही मरीज को बीमारी की रिपोर्ट तुरंत मिल जाएगी।