जिस एक्सप्रेस वे का जिक्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हर मंच से सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए करते थे, लगातार हो रही बारिश से उसकी पोल खुल गई है। बुधवार को आगरा के पास हाईवे के धंसने और उसमें कार समां जाने के बाद काकोरी के पास भी एक्सप्रेस वे पर गहरी दरारें दिखने लगी। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल होने पर विभाग जागा और मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
काकोरी के करीमाबाद गांव के बाईं ओर मोहानरोड पर एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर करीब 40 फीट लंबी गहरी दरारें आ गईं। आगरा के हादसे को देखते हुए लोगों ने इसकी तस्वीरें को तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया। जिसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन ने बिना देरी दरारों की मरम्मत कर दी।
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस वे के निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ जिससे कि मेन हाईवे और सर्विस लेन पर मिट्टी का ठीक से भराव नहीं हुआ। लगातार बारिश से दरारें पड़ गईं। जिससे सड़क धंसने लग गईं। 302 किमी लंबे एक्सप्रेस वे का निर्माण सपा सरकार में किया गया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 21 नवंबर 2016 को खुद अपने हाथों से किया था।
आगरा की घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया है और मामले पर जांच के आदेश दे दिए हैं। यूपीडा के सीईओ अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनोमिक सर्विस (राइट्स) मामले की जांच कर रही है और 15 दिन में रिपोर्ट सौंप देगी।