लखनऊ के आलमबाग बस टर्मिनल के बेसमेंट में सफाई कर रही महिला कर्मी से तीन चालकों ने सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। महिला की चीख सुनकर दौड़े नागरिकों ने तीनों आरोपियों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने शीलभंग का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीन चालक नशे में धुत थे। प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह ने बताया कि घटना बुधवार सुबह की है।
महिला सफाईकर्मी बेसमेंट में सफाई कर रही थी। तीन चालकों ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया और अश्लील हरकतें शुरू कर दी। महिला की चीख सुन लोग वहां पहुंचे और पिटाई कर आरोपियों को पुलिस के हवाले किया।
आरोपियों की पहचान वॉल्वो चालक पंजाब निवासी प्रीतपाल सिंह, स्कैनिया बस चालक इटावा निवासी उमेश यादव और अमृतसर निवासी हरपाल सिंह के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन के अधिकारियों से तीनों चालकों के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।