मौजूदा समय में गंगा एक्सप्रेस की लंबाई कुल 596 किमी. तय है । जिसके निर्माण की लागत 36,402 करोड़ रुपये तय की गई है। मौजूदा योजना के मुताबिक गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव और राय बरेली, प्रतापगढ़ से होते हुए प्रयागराज तक पहुंचेगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण का जिम्मा यूपीडा के पास है। गंगा एक्सप्रेसवे सिक्स लेन का होगा जिसे भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।
आत्मनिर्भर भारत अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी को एक्सपोर्ट हब बनाने की योजना और आम बजट में एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट को विस्तार देने के प्राविधान को देखते हुए योगी सरकार ने वाराणसी के जरिये पूर्वांचल की दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टविटी को मजबूत करने के लिए गंगा एक्सप्रेस वे को विस्तार देने की योजना पर काम कर रही है ताकि कोलकाता से लेकर दिल्ली तक वाराणसी और प्रयागराज समेत प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
योगी सरकार पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की लंबाई बढ़ाने भी बढ़ाने जा रही है। निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस वे को बलिया तक ले जाने की योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के विस्तार का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि केंद्र सरकार से सहायता ली जा सके।