रायबरेली जिले के कुछ थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जुआं खेला जा रहा है। हर दिन जुआं के नाम पर लाखों का वारान्यारा होता है। इसके बावजूद पुलिस जानकर भी अंजान बनी रहती है। रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक घर के अंदर कुछ युवक जुआं खेल रहे हैं।
वायरल वीडियो डलमऊ क्षेत्र का होना बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिस के संरक्षण में काफी समय से जुआं खेला जा रहा है।
डलमऊ के साथ ही लालगंज में भी बड़े पैमाने पर जुआं खेला जा रहा है। यही नहीं शहर क्षेत्र के सिंचाई विभाग कॉलोनी में भी एक व्यक्ति के जुआं खेलने की बात सामने आई है। सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि वायरल वीडियो कहां का है, इसकी जांच कराई जा रही है। क्षेत्र में जुआं कतई नहीं होने दिया जाएगा।
जांच के नाम पर दबा दिया गया मामला
करीब 15 दिन पहले शहर के एक क्लब में भी जुआं खेलने का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में टेबल पर मौजूद एक व्यक्ति कुछ लोगों को पैसा दे रहा था, जबकि ताश के पत्ते टेबल पर पड़े थे। पुलिस अफसरों ने जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही थी। कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबा दिया गया। पुलिस जांच के बाद ही कार्रवाई करने का दावा कर रही है।