लखनऊ। धनराशि जारी होने के छह माह बाद भी जिले में पांच उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। जमीन की तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने से परियोजना अटकी हुई है। इन केंद्रों का निर्माण गोसाईंगंज की चुरहिया, बख्शी का तालाब की गोधना, माल की बहिर गोड़वा व बदैया और काकोरी की मुबारकपुर ग्राम पंचायत में होना है।
भवन निर्माण के लिए मार्च में प्रति केंद्र 44.60 लाख रुपये के हिसाब से कुल 2.23 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। इसके बावजूद जिला पंचायत निर्माण शुरू नहीं करा सकी हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी प्रणव पांडेय ने बताया कि चार केंद्रों के लिए जमीन के प्रस्ताव मिले हैं। इन्हें तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जमीन चिह्नित, टेंडर नहीं
माल की बहिर गोड़वा के प्रशासक वीरेंद्र शुक्ला के मुताबिक, जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा जा चुका है। लगभग 44 लाख रुपये की धनराशि जिला पंचायत के खाते में है। अभियंता भी जांच कर चुके हैं लेकिन अब तक टेंडर नहीं हुआ है।