तेलीबाग। पीजीआई के वृंदावन स्थित कालिंदी पार्क मोड़ के पास बुधवार दोपहर बाइक की टक्कर की पुलिस से शिकायत करना यूपीएसएसएफ के सिपाही करन सिंह यादव को भारी पड़ गया। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने आठ से दस साथियों को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। उनके सिर, सीने और रीढ़ की हड्डी में चोटें आईं। पीजीआई पुलिस ने बृहस्पतिवार को गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बाराबंकी के मसौली जवारीपुर गांव निवासी करन सिंह यादव यूपीएसएसएफ की 01वीं बटालियन में आरक्षी हैं और लखनऊ में तैनात हैं। उनके पिता के सिर में ब्रेन ट्यूमर होने के कारण एसजीपीजीआई में ऑपरेशन हुआ है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे करन छुट्टी लेकर स्कूटी से पिता से मिलने जा रहे थे। कालिंदी पार्क मोड़ के पास बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई।
करन के मुताबिक, विरोध पर बाइक सवार युवक धमकी देने लगा। इस पर उन्होंने मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दी। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने अपने आठ से दस साथियों को बुला लिया। हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से वार किए। पिटाई से करन बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा में भर्ती कराया। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रौनक, समीर, आर्यन, पंकज रावत, अर्जुन, सुमित और शाहिद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने हैवतमऊ मवैया निवासी पंकज रावत को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।