खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने सीतापुर रोड स्थित पतौरा डालीगंज में बालाजी ऑयल्स पर छापा मारकर नेपाल से बाजार में खपाने के लिए लाया गया 18 हजार लीटर घटिया खाद्य तेल सीज किया है।
तेल की कीमत करीब 19 लाख रुपये है। जांच टीम ने फैक्टरी को भी सीज कर दिया है। साथ ही यहां से अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक रिफाइंड, सोयाबीन व सरसों तेल के नौ नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं।
शिकायत मिली थी कि बालाजी ऑयल्स में ब्रांडेड कंपनियों का एक्सपायरी तेल मंगाकर उसे दूसरे ब्रांड के रैपर में रीपैक कर बाजार में खपाया जा रहा है। मंगलवार शाम अभिहित अधिकारी एसपी सिंह व सीएफएसओ सुरेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम ने फैक्टरी पर छापा मारा तो हड़कंप मच गया। डीओ ने बताया कि फैक्टरी में तेल को अलग-अलग ब्रांड के नाम पर री पैकिंग कर बाजार में खपाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पूरा स्टॉक सीज कर फैक्टरी पर ताला डाल दिया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में अलग-अलग ब्रांड के खाली रैपर भी मिले। फैक्टरी में पैकेजिंग लाइसेंस की आड़ में मिलावटी और घटिया खाद्य तेल बेचने का गोरखधंधा चल रहा था। एफएसडीए ने खाद्य तेल के अलावा विभिन्न खाद्य सामग्री के करीब 19 और नमूने लैब जांच को सीज कर भेजे हैं।