ठगी के नये-नये आइडिये निकाल रहे शातिर अब सोशल नेटवर्किंग साइट यू-ट्यूब के जरिये अपना मायाजाल फैला रहे हैं। ऐसा ही एक मामला लखनऊ के गुडंबा में सामने आया, जिसमें शातिरों के बनाए वीडियो देखकर आदिलनगर निवासी उमा शंकर पांडेय की पत्नी रेखा ठगी का शिकार हो गईं। उन्होंने ठगी करने वाली कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
रेखा ने बताया कि यू-ट्यूब पर उन्होंने गैलेक्सी टॉवर ग्रुप और लैंड इंडिया एटीसी टॉवर के दो वीडियो देखे थे। उन्होंने दोनों कंपनियों के ई-मेल पर संपर्क किया।
गैलेक्सी ग्रुप की तरफ से जवाब आया जिसमें उनसे आईडी प्रूफ और जमीन के पेपर भेजने के लिए कहा गया। साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही, जिसका शुल्क 2250 रुपये है। ई-मेल में अनुराग कौशिक का नाम व मोबाइल नंबर लिखा था।
रेखा ने कंपनी की वेबसाइट की छानबीन की तो वहां भी अनुराग कौशिक का नाम और मोबाइल नंबर लिखा मिला। इसके बाद रेखा ने ई-मेल से जमीन के कागज व आईडी प्रूफ भेज दिया। कंपनी के प्रतिनिधि अनुराग कौशिक ने रेखा को फोन कर कंपनी के बारे में जानकारी दी।