डेटिंग एप पर दोस्ती पड़ी भारी, ट्यूशन टीचर को घर में बंधक बनाकर लूटपाट
लखनऊ। गाजीपुर के रविंद्रपल्ली निवासी ट्यूशन टीचर को डेटिंग एप पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया। दोस्ती के बाद युवक मिलने ट्यूशन टीचर के घर पहुंचा। उसने अपने साथी के साथ मिलकर उनको बंधक बना लिया और तीन लाख रुपये लूट ले गया। पीड़ित ने गाजीपुर थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि 53 वर्षीय पीड़ित अकेले रहते हैं। पहले वह प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर थे। बाद में नौकरी छोड़कर ट्यूशन पढ़ाने लगे। चार माह पहले उनके पिता की मौत हो गई थी। अकेलापन दूर करने के लिए उन्होंने ग्रिंडर एप पर प्रोफाइल बनाई। वहां उनकी एक युवक से दोस्ती हो गई। दोनों में चैटिंग होने लगी।
पीड़ित के अनुसार कई दिनों की बातचीत के बाद बुधवार को आरोपी युवक से मुलाकात की बात तय हुई। दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी युवक मिलने पहुंचा। कुछ देर बाद आरोपी ने अपने साथी को बुला लिया। दोनों ने बात की और मकान का जायजा लिया। इसके बाद दोनों ने पीड़ित को पकड़ लिया। विरोध पर उनके साथ मारपीट की और उनका मुंह व हाथ बांध दिए। अलमारी में रखे तीन लाख रुपये व पर्स लूटकर भाग गए।
सर्विलांस से मिला नंबर
पीड़ित ने काफी मशक्कत के बाद खुद को बंधन मुक्त किया और पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। मौके पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने छानबीन कर केस दर्ज कर लिया। एसीपी गाजीपुर का कहना है कि मुख्य आरोपी का नंबर मिला है। सर्विलांस से टीम उसके बारे में पता लगा रही है। कुछ जगह दबिश भी दी गई, पर सफलता नहीं मिली।
यह है ग्रिंडर एप
ग्रिंडर एलजीबीटीक्यू समुदाय के लिए सोशल नेटवर्किंग एप है। यह एप लोगों को आसपास मिलने और बातचीत करने में मदद करता है। इस एप का इस्तेमाल खासकर समलैंगिक और ट्रांसजेंडर लोग करते हैं। इसका इस्तेमाल मुफ्त है।