बैठक में पारित प्रस्ताव में इस पर भी सहमति बनी कि संपूर्ण शहर की पार्किंग व्यवस्था को एकीकृत कर जनसुलभ बनाया जाएगा। इससे लोग पार्किंग की जगह को आसानी से खोज कर उसे स्मार्ट लखनऊ एप से बुक कर वाहन खड़ा करने को होने वाली परेशानी से बच सके।
मंडलायुक्त ने शहर में वेंडिंग व नो वेंडिंग जोन क्षेत्र की पहचान के लिए कलर सिस्टम व्यवस्था लागू कराने का निर्देश भी नगर आयुक्त को दिया। इससे बेतरतीब लगी दुकानों से होने वाली आवागमन की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।
प्रमुख चौराहों को बनाया जाएगा जाममुक्त
पुलिस विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर नवीन अरोड़ा ने गोमतीनगर के समतामूलक चौक पर फूड वैन के लिए जगह आवंटित कर इस सड़क को हैप्पी स्ट्रीट बनाने का प्रस्ताव किया। शहर के प्रमुख चौराहों को जाममुक्त बनाने के लिए निगरानी फोर्स बढ़ाने के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
इसके लिए आईआईएम इंदौर के सहयोग से शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट चालकों को सवारियों के साथ कैसे बेहतर व्यवहार करे, इसका प्रशिक्षण भी शिविर आयोजित कर दिलाया जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था सुगम बनाने को बुलाई गई बैठक में मौजूद अफसर
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि होली के बाद शहर में सभी बहुमंजिला आवासीय व व्यवसायिक भवनों के बेसमेंट सहित अन्य पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्राइवेट कंपनियों के टैक्सी चालक एवं प्राइवेट ऑटो चालकों की यूनीफॉर्म निर्धारित कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट चलाते समय नेम प्लेट लगाने को भी अनिवार्य बनाया जाएगा।
जाममुक्त ट्रैफिक बनाने पर सम्मान भी
मंडलायुक्त ने बताया कि सभी विभागों के समन्वय के साथ तैयार कार्ययोजना के तहत शहर के चौराहों को जाममुक्त व सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। इससे जुड़े लोगों को बेहतर कार्य करने पर पुरस्कृत भी किया जाएगा। यह सम्मान 15 अगस्त पर दिया जाएगा।