सरकारी अस्पतालों में दवा, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथालॉजी जांच के बाद अब ऑपरेशन भी मुफ्त में होंगे। अभी माइनर व मेजर दोनों तरह के ऑपरेशन के लिए मरीजों को शुल्क देना पड़ता है। सरकार ने इसे भी मुफ्त कर सूबे के मरीजों को एक बड़ी राहत देने की तैयारी कर ली है।
परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविदास मेहरोत्रा ने अफसरों को इसके आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बाबत प्रस्ताव बनाकर जल्द पेश किया जाए। इसे वह मुख्यमंत्री से स्वीकृति दिलाकर पूरे सूबे में लागू कराएंगे।
प्रदेश सरकार ने सरकारी अस्पतालों में पैथालॉजी की 100 से अधिक जांचें मुफ्त कर दी हैं। इनमें ब्लड शुगर से लेकर तमाम जांचें शामिल हैं। हालांकि ऑपरेशन के लिए गरीब परिवारों के मरीजों को छोड़कर अन्य मरीजों से शुल्क लिया जाता है। अभी माइनर ऑपरेशन के लिए 68 रुपये व मेजर ऑपरेशन के लिए 400 रुपये लिए जाते हैं।