लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में अब मरीजों को परिसर के अंदर आवागमन के लिए निशुल्क गोल्फ कार्ट गाड़ियां मिलेंगी। निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बुधवार को इस सुविधा का शुभारंभ किया।
संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि मरीजों को मुख्य गेट से न्यू ओपीडी, ओल्ड ओपीडी, इमरजेंसी मेडिसिन, एएमआरटीसी, एलटीयू भवन और जनरल हॉस्पिटल के बीच आवागमन के लिए गोल्फ गाड़ियां मिलेंगी, जिनका कोई शुल्क नहीं चुकाना होगा।
संस्थान को पांच गाड़ियां कार्पोरेट सोशल रेस्पांसबिलिटी के माध्यम से मिली हैं। मौके पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, संयुक्त निदेशक प्रशासन कर्नल जयदीप सिंह घुम्मन और प्रभारी वाहन विभाग योगेंद्र भारद्वाज, गाड़ी देने वाले आईसीआईसीआई के स्टेट हेड सुमित मेहरोत्रा, क्षेत्रीय प्रमुख दीप्ति माथुर और जोनल हेड विशाल सक्सेना थे।