जालसाजों ने छह लोगों से 18.62 लाख ठगे
लखनऊ। साइबर ठगों ने झांसा देकर छह लोगों से 18.62 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने, विभूतिखंड, अमीनाबाद, गाजीपुर, गुडंबा और इंदिरानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजाजीपुरम सी-ब्लॉक निवासी अधिवक्ता धुंवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक अक्तूबर 2024 में उन्हें मार्केट एनालिसिस टेक्निकल-एनालिसिस व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। एडमिन रवि शर्मा ,सुनीता गोचान व एक अन्य व्यक्ति था। तीनों ने लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में निवेश की सलाह दी। उन्होंने 15.37 लाख निवेश कर दिए। मुनाफा दिखने पर जब रकम निकलानी चाही तो ठगों ने उनसे आयकर भरने को कहा। इस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
इनसे भी हुई ठगी
- एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड का सत्यापन का झांसा देकर विभूतिखंड के विराज खंड-3 निवासी नीतू सिंह के खाते से 82 हजार रुपये पार कर दिए।
- अमीनाबाद के मो. अब्दुल मुजीब से आधार केवाईसी के नाम पर 55,436 की ठगी।
- इंदिरानगर के फरहान खान को कॉल कर जालसाज ने उनके जीजा की आवाज में बात की। वीजा बनवाने के लिए 46 हजार रुपये लेकर हड़प लिए।
- जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी प्रदीप कुमार से साइबर जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी ले ली और 46 हजार रुपये ऐंठ लिए।
- इंदिरानगर में रहने वाले बीटेक छात्र ज्ञानेश्वर द्विवेदी से 70,474 रुपये की ठगी हो गई।