सचिवालय का सेक्शन ऑफिसर बताकर करता था ठगी, गिरफ्तार
‘ऑपरेशन 420’ के तहत गोमतीनगर पुलिस ने बुधवार रात को एक ऐसे शातिर जालसाज को दबोचा जो खुद को सचिवालय का सेक्शन ऑफिसर बताकर ठगी करता था।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के मुताबिक, शातिर ठग की पहचान मूलरूप से अयोध्या के अमानीगंज निवासी सर्वेश कुमार यादव के रूप में हुई।
आरोपी यहां गोमतीनगर के विनय खंड-3 में सेवानिवृत्त जज के मकान में किराए पर रहता था।
उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश शासन लिखी व हूटर लगी एसयूवी बरामद हुई। इसके अलावा एक-एक लाख रुपये के पांच चेक, दो खाली चेक, छह लोगों के शैक्षिक प्रमाण पत्र व एक खाली सचिवालय का प्रपत्र बरामद किया।
पुलिस ने जालसाज को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार दुबे के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि सेवानिवृत्त जज को भी उसने खुद को सचिवालय में सेक्शन अधिकारी बताकर किराए पर मकान लिया था।
इसके अलावा सर्वेश का एक मकान बाराबंकी के सफदरगंज के उधौली में भी है। नौकरी व प्लॉट दिलाने के नाम पर सर्वेश ठगी करता था।
उसने करीब 36 से अधिक लोगों से ठगी की बात कुबूली है। पूछताछ में सर्वेश ने कुबूला कि नौकरी दिलाने के लिए ही बेरोजगार युवकों के शैक्षिक प्रमाण पत्र जमा कराए थे।
उसके पास से बरामद एक-एक लाख के पांच चेक रंजना नाम की युवती के खाते से जारी किए गए हैं। पुलिस उक्त युवती से भी पूछताछ करेगी।
इसके अलावा वह ठेके और अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर भी जालसाजी करता था।
आरोपी राजधानी के कई इलाकों में लोगों को जमीन व मकान दिलाने के नाम पर भी लाखों रुपये ऐंठ चुका है। इसकी शिकायत मिली थी। जिसकी जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।