उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के टेढ़ी कोठी स्थित मुख्यालय में फर्जी भर्ती बोर्ड चल रहा है। ये फर्जी भर्ती बोर्ड नौकरी के नाम पर युवकों से मोटी रकम ऐंठ रहा है।
पिछले तीन साल में इस सिंडीकेट की ठगी के 10 मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से इसके हौसले बुलंद हैं। मुख्यालय में 10-15 साल से जमे कर्मियों के इस सिंडीकेट से जुड़े होने की बात कही जा रही है।
फर्जी भर्ती बोर्ड के प्रधान प्रबंधक (कार्मिक) ने जो नियुक्ति पत्र जारी किया है, उसमें 22 मई 2015 को रिक्त पद के अनुपालन में शिवेंद्र कुमार को बुकिंग क्लर्क के 5200 से 20,200 रुपये के वेतनमान एवं 2000 पे बैंड पर नियुक्त किए जाने का उल्लेख है।
18 नवंबर 2015 को जारी यह नियुक्ति पत्र शिवेंद्र को साधारण डाक से घर के पते पर भेजा गया था। पिछले दिनों वह जॉइन करने पहुंचा तो उसे ठगे जाने का पता चला।
गत जुलाई में बाराबंकी के संविदा कंडक्टर राजेश वर्मा ने एक-एक लाख रुपये लेकर बाराबंकी रामनगर के दो युवकों का फर्जी भर्ती बोर्ड से संविदा कंडक्टर का नियुक्ति पत्र जारी करा दिया।
दोनों युवक कैसरबाग बस अड्डे में सिक्योरिटी रकम जमा करने पहुंचे तो कर्मियों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वजीरगंज पुलिस ने ठगे गए युवकों को छोड़ दिया, लेकिन संविदा कंडक्टर को बर्खास्त कर दिया गया।