धर्मगुरु के नाम पर एजेंट ने कपड़ा दुकानदार से ऐंठे तीन लाख रुपये
आलमबाग के सरदारीखेड़ा निवासी कपड़ा दुकानदार प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने दतिया के एक धर्मगुरु के नाम तीन लाख रुपये ठगी की रिपोर्ट अलीनगर सुनहरा निवासी अनूप सिंह चौहान के खिलाफ दर्ज कराई है।
इसमें ठग की पत्नी व उसके एक परिचित को भी आरोपी बनाया है। आरोप है कि जालसाज अनूप धर्मगुरु का लखनऊ का काम देखता है। रकम वापस मांगने पर जालसाज ने जान से मारने की धमकी दी।
प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की चौक में कपड़े की दुकान है। प्रमोद के मुताबिक, उनका जुड़ाव दतिया के एक संत के आश्रम से है।
पिछले साल लखनऊ में कार्यक्रम के दौरान अनूप सिंह चौहान से उनकी मुलाकात हुई थी। एक दिन अनूप अपनी पत्नी और उसका एक परिचित उनके घर पहुंचे।
बातचीत के दौरान अनूप ने कहा कि गुरू जी का आदेश है कि आश्रम से जुड़े एक व्यक्ति को दिक्कत है। उसने चार किलो सोना गिरवी रखा है।
उसकी मदद करनी है। उसने गुरूजी के नाम पर तीन लाख रुपये लिए। कुछ दिन बाद फोन कर उसने कहा कि काम हो गया है। जल्द ही दोगुनी रकम लौटा दी जाएगी।
प्रमोद के मुताबिक, काफी बार टालमटोल के बाद वे अनूप के घर पहुंचे तो वह और उसकी पत्नी भड़क गए।
आरोपी दंपती ने कहा कि रकम भूल जाओ नहीं तो जेल भेज देंगे। रुपये के चक्कर में जान से भी हाथ धो बैठोगे। इसके कारण करीब तीन महीने तक दुकान भी बंद रही।
20 दिन तक तहरीर लेकर थाने के चक्कर काटता रहा। एसएसपी से शिकायत के बाद रिपोर्ट दर्ज हुई। प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक, जांच की जा रही है।