लखनऊ। जालसाजों ने टाटा पावर कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर विभूतिखंड निवासी सीताराम सिंह से ठगी कर ली। नई नौकरी के लालच में उन्होंने एक कंपनी में उप महाप्रबंधक की नौकरी भी छोड़ दी। रकम देने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस पर सीताराम सिंह ने थाने में केस दर्ज कराया।
विभूतिखंड थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया, सीताराम सिंह की तहरीर के मुताबिक वह 1996 से सोनभद्र में स्थित हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड में उपमहाप्रबंधक के पद पर तैनात थे। पिछले साल 2020 से ज्यादातर वह लखनऊ में ही रह रहे थे। एक निजी वेबसाइट से माधव कुलकर्णी और राहुल का नंबर मिला। बात हुई तो उन्होंने टाटा पावर कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर नौकरी के बारे में बताया। सलाना 38.95 लाख रुपये की आय बताई। इसके बाद टाटा कंपनी की तरफ से मेल के जरिये डिटेल मांगी।
सीताराम सिंह ने सारी डिटेल दे दी। जालसाजों ने डिटेल मिलने के बाद रकम मांगी। यह रकम भी उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से दे दी। टाटा कंपनी की तरफ से कॉल लेटर दे दिया गया। इधर सीताराम सिंह ने हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज से उप महाप्रबंधक की नौकरी से इस्तीफा भी दे दिया। कुछ माह बीत जाने के बाद भी ज्वॉनिंग नहीं हुई तो ठगी का अहसास हुआ। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, राहुल, संजय, माधव कुलकर्णी, राजीव पाठक, जगमीत सिद्धू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।