लखनऊ। वजीरगंज पुलिस ने रविवार को नबीउल्लाह रोड स्थित प्रोनेशन इंफ्राटेक प्रा. लि. के अकाउंटेंट सआदतगंज निवासी फहीम अब्बास व महिला कर्मी मुन्नी के खिलाफ 24 लाख के गबन की एफआईआर विश्वासघात, धोखाधड़ी और धमकाने की धारा में दर्ज की है। पुलिस से आरोपियों की शिकायत कंपनी के सहायक निदेशक रईस अहमद ने की थी।
इंदिरानगर के प्रकाश लोक सोसाइटी निवासी रईस के मुताबिक कंपनी के निदेशक वफा अब्बास हैं। कंपनी बांगरमऊ, उन्नाव, रायबरेली, देवरिया में कंस्ट्रक्शन का काम करा रही है। बिल्डिंग मटेरियल व अन्य व्यय कंपनी के खातों से होता है। रईस ने बताया कि फहीम काफी समय से कंपनी में अकाउंटेंट था, जिस कारण निदेशक व उन्हें उस पर काफी भरोसा था। आरोपी है कि इसी बात का फायदा उठा कर फहीम ने कंपनी के कूटरचित वाउचर बनाए, जिस पर निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर भी थे। इसके जरिये आरोपी ने कर्मी मुन्नी संग मिलकर आठ मई 2024 से लेकर 19 नवंबर 2024 तक कंपनी के बैंक खाते से 24 लाख रुपये निकाल लिए। रईस ने बताया कि कंपनी को इसका पता ऑडिट के दौरान चला। फहीम से जब रकम मांगी गई तो बीते 13 मार्च को उसने कंपनी को शपथ पत्र दिया। 11 जून तक भी जब फहीम ने रकम नहीं लौटाई तो सहायक निदेशक ने उस पर दबाव बनाया। आरोप है कि इस पर आरोपी व मुन्नी ने उनकी हत्या की धमकी दी।इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।