लखनऊ। संपत्ति विवाद में जानलेवा हमला करने वालों को दोषी ठहराते हुए एसीजेएम बलवंत कुमार भारती ने चार वर्ष की सजा सुनाई है। सगे छोटे भाई पर राहुल गौतम ने पत्नी रजनी गौतम, साले सुरजीत व राहुल के साथ हमला बोला था।
अभियोजन की ओर से कोर्ट में बताया गया कि 19 दिसंबर 2021 को वादी अशोक गौतम ने कृष्णानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अशोक के अनुसार, उसके बड़े भाई राहुल, भाभी रजनी, भाभी के दो भाई राहुल व सुरजीत व उनके पिता छेदीलाल संपत्ति विवाद में उन्हें व उनकी मां और बहन को परेशान करते थे। वारदात वाले दिन वह देर रात घर पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनका मुंह बांधकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके पैरों की तीन हड्डियां टूट गईं। मुकदमे की कार्यवाही के दौरान राहुल के ससुर छेदीलाल की मौत हो गई थी।