देवरिया जिला जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के रियल एस्टेट कारोबारी के अपहरण और जेल में रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को डिप्टी जेलर देवकांत यादव, हेड वार्डर मुन्ना पांडे, वार्डर राकेश शर्मा व राम आसरे को निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय, जेलर मुकेश कटियार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि अतीक अहमद को बरेली की हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट करने के भी आदेश दिए हैं।
बता दें, लखनऊ के प्रापर्टी डीलर मोहित जायसवाल ने कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अतीक अहमद के गुर्गे ने उन्हें अगवा कर देवरिया जेल ले गए। वहां उनके साथ मारपीट कर धमकी देते हुए जबरन 45 करोड़ रुपये की संपत्ति लिखवा ली। शासन ने इसकी जांच एडीजी जेल को सौंपते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की थी। रिपोर्ट आने के बाद उक्त कार्रवाई की गई।
जेल अधिकारियों के मुताबिक देवरिया जेल की सीसीटीवी फुटेज डिलीट मिलने के मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है। जेल अधीक्षक व जेलर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से साथ ही दूसरी जेल में तबादले के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।