लखनऊ। गुडंबा इलाके में शनिवार सुबह सड़क पार कर रहे प्रोफेसर की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। इसके अलावा चिनहट इलाके में एक बुजुर्ग, बीबीडी इलाके में बाइक सवार इलेक्ट्रीशियन और कैंट इलाके में साइकिल सवार की दुर्घटना में जान चली गई।
टेढ़ी पुलिया चौकी प्रभारी राहुल करन सिंह ने बताया कि संत कबीर नगर निवासी राजेंद्र कुमार जायसवाल (55) जोगेश्वर विहार में किराये के मकान में परिवार संग रहते थे। वह निजी विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर थे। सुबह 10 बजे वह रिंग रोड पर श्रीराम धर्मकांटा के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी बाइक सवार की टक्कर से उनकी मौत हो गई। उनके सिर के पीछे चोट लगी थी। हादसे में बाइक सवार घायल हुआ है।
चिनहट स्थित सराय शेख के रहने वाले रमेश पांडेय (62) आरटीओ से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके बेटे अमन ने बताया कि पिता शुक्रवार शाम बाइक से कहीं जा रहे थे। चिनहट स्थित देवा रोड पर घायल अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके मोबाइल से पुलिस ने खबर दी। पुलिस का कहना है कि रमेश की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। परिवार में पत्नी वंदना व चार बच्चे हैं।
बाराबंकी के सफेदाबाद असैनी निवासी अतुल शर्मा (30) बीबीडी थानाक्षेत्र सि्थत निजी इंस्टीट्यूट में इलेक्ट्रीशियन थे। उनके चाचा अनुज के मुताबिक अतुल शुक्रवार रात ड्यूटी के बाद बाइक से घर जा रहे थे। अनौरा कला गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। उनके मोबाइल फोन से पुलिस ने सूचना दी। सीसीटीवी कैमरे में तेज रफ्तार पिकअप वाहन कैद हुआ है। आशंका है कि इसी वाहन की टक्कर से युवक की जान चली गई। परिवार में पत्नी रुचि, बेटी मिश्ठी, पिता राम प्रताप और मां रेखा हैं। हादसे के वक्त अतुल ने हेलमेट लगा रखा था।
अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की जान गई
शाहजहांपुर निवासी सतीश (57) कैंट स्थित तोपखाना जीजीएस मार्ग पर सर्वेंट क्वार्टर में पत्नी शशि व तीन बच्चों के साथ रहते थे। सदर बाजार के पास उनकी मोची की दुकान थी। बेटे सनी ने बताया कि पिता शुक्रवार देर शाम काम खत्म कर साइकिल से लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई। पत्नी शशि एक सैन्य अफसर के घर पर घरेलू काम करती हैं।