सड़क हादसाें में बच्ची समेत चार की मौत
लखनऊ। शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में आठ साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटनाएं गोमतीनगर विस्तार, रहीमाबाद , बीकेटी और गाजीपुर में हुईं।
गोसाईंगंज के देवसिंह खेड़ा मोहारी कला निवासी विक्रम कुमार गोमतीनगर स्थित हुसड़िया चौराहे के पास विनीतखंड- 6 में खाली प्लाॅट में झोपड़ी डालकर रहते हैं। विक्रम मजदूरी करते हैं और पत्नी किरन घरों में काम करती हैं। बेटा प्रियांशु दादी श्यामकली के साथ गांव में रहता है।
विक्रम ने बताया कि दो दिन पहले गांव गए थे। बुधवार शाम बाइक से लौट रहे थे। गोमतीनगर विस्तार स्थित शहीद पथ पुल पर वाहन की टक्कर से बाइक के आगे बैठी कुसुम उछलकर सड़क किनारे लगे एंगल से जा टकराई। सिर पर गंभीर रूप से घायल आने के कारण कुसुम की मौत हो गई। पिता विक्रम, मां किरन व बहन प्रियांशी घायल हो गई। कुसुम सरकारी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती थी।
रहीमाबाद के चंदीखेड़ा निवासी अशोक कुमार अवस्थी (65) रेलवे के डाक विभाग से सेवानिवृत्त थे। उनके बेटे नीरज ने बताया कि पिता बुधवार सुबह बाइक से नाका स्थित बशीरतगंज गए थे। शाम को लौटते वक्त रहीमाबाद के रसूलाबाद के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी संतोष कुमारी और एक और बेटा राजा है। हादसे के वक्त अशोक ने हेलमेट पहन रखा था।
सीतापुर सिधौली के असोंधन गांव निवासी रामदुलारी (55) ने बख्शी का तालाब में जीसीआरजी इंस्टीट्यूट के पास बाग की देखरेख का ठेका लिया था। बुधवार शाम बेटे रजनेश व लक्ष्मण के साथ ऑटो से बाग पहुंचीं। ऑटो से उतरकर वह बाग जा रही थीं। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उछलकर पेड़ से टकराकर उनकी मौत हो गई। रामदुलारी के पति राजकुमार की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।
बहराइच के चुनाह राजा रेउवा खास के रहने वाले राम रतन (35) मजदूरी करते थे। उनके बहनोई दिलीप ने बताया कि राम रतन बुधवार को बहराइच से मजदूरी के लिए साथियों रक्षाराम, श्रीराम व राजेंद्र के साथ आए थे। रात में सभी लोग गाजीपुर में लेखराज मार्केट के पास सड़क किनारे फुटपाथ पर सो गए। देर रात आंधी आई और सभी लोग उठकर सड़क किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान वाहन की टक्कर से रतन की मौत हो गई। परिवार में पत्नी रेशमा, दो बेटे व दो बेटियां हैं।