सीतापुर में गुरुवार को एक ट्रॉली बैग में दो कटे सिर मिलने के बाद अब लखनऊ में बोरे में चार कटे पैर और कुछ ही दूरी पर धड़ मिलने से सनसनी मच गई है।
ये पैर मड़ियांव के कॅरियर डेंटल कॉलेज के पास मिले हैं। वहां से करीब एक किमी दूरी पर दो महिलाओं के धड़ मिले हैं। वहीं गुरुवार को सीतापुर में दो महिलाओं के सिर मिले थे जिससे ये कयास लगाया जा रहा है कि ये पैर उन्हीं महिलाओं के हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि सीतापुर-बिसवां मार्ग पर एक पुलिया के नीचे पड़े ट्रॉली बैग में दो युवतियों के कटे सिर मिलने से बृहस्पतिवार को सनसनी फैल गई। वहां मवेशी चराने गए बच्चों को यह बैग मिला था।
उन्होंने ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। पुलिस को बैग से चूड़ीदार कत्थई रंग की सलवार व एक कोटीनुमा सफेद हाफ स्वेटर मिला था।
पुलिस अफसरों के मुताबिक दोनों के चेहरे एक से होने के कारण संभावना जताई जा रही है कि वे बहनें हो सकती हैं।