लखनऊ के कृष्णानगर में वीआईपी रोड पर बुधवार सुबह कार चला रही महिला ने सड़क पार कर रही होमगार्ड की पत्नी सावित्री और उसके परिवार के चार सदस्यों को कुचल दिया। सावित्री की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद महिला कार छोड़कर भाग गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कार जब्त कर आरोपी महिला की तलाश में जुट गई है।
प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। आलमबाग के विशेश्वरनगर निवासी होमगार्ड रमेश कुमार की 55 वर्षीय पत्नी सावित्री बेटी सोनी, नातिन सौम्या, अनन्या व अंश के साथ पीजीआई के शहीद पथ पर चल रहे सत्संग में गई थीं। वहां से सभी लोग ई-रिक्शा से वीआईपी रोड पर पकरी का पुल पहुंचे।
पुल से आजादनगर की तरफ जाने के लिए सभी पैदल सड़क पार कर रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने पांचों को जोरदार टक्कर मार दी। सभी लोग दूर जाकर गिरे। सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई तो महिला नीचे उतरकर भाग निकली। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई जहां सावित्री को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।