फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अव्वल दर्जे के अय्याश हैं ये बदमाश, एटीएम हैंग कर उड़ाते थे रूपये, बुजुर्ग और कम पढ़े-लिखे थे टारगेट

Thu, 28 Dec 2017 08:17 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
गिरफ्तार किए गए बदमाश व जानकारी देते एसएसपी दीपक कुमार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
हजरतगंज पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने एटीएम हैंग करके अकाउंट से रुपये उड़ाने वाले गिरोह के चार बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में 100 से ज्यादा वारदातें कुबूली हैं। बदमाशों के पास से विभिन्न बैंकों के 16 एटीएम कार्ड, ठगी की रकम से खरीदी गई कार व 16 हजार नकद सहित चार मोबाइल बरामद हुए हैं।
विज्ञापन


एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाश आजमगढ़ के खैसेदीपुर धुघरी निवासी वशिष्ट सिंह, जौनपुर के शाहगंज अरगूपुरकलां डिठौली का रहने वाला धर्मेंद्र, सुल्तानपुर के अखंडनगर पौधनरामपुर का संजय व बृजेश कुमार हैं। चारों बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे अथवा गांव के लोगों को शिकार बनाते थे। एक बदमाश एटीएम बूथ के भीतर खड़ा हो जाता था।

जैसे ही कोई व्यक्ति आता वह एटीएम की स्क्रीन के किनारे इस तरह से हाथ रखकर खड़ा हो जाता जैसे मशीन के सहारे खड़ा हो अथवा उस पर हाथ टिकाए हो। इस दौरान वह स्क्रीन के बाईं तरफ लगा ऊपर का बटन अंगुली से दबाए रखता था। इसके चलते मशीन काम करना बंद कर देती थी। जो भी ग्राहक कार्ड लगाता, मशीन खराब बताने लगती।
विज्ञापन


इस दौरान बदमाश ग्राहक से दोबारा कार्ड लगाने को कहकर पासवर्ड देख लेता था। फिर मदद के बहाने कार्ड लेकर खुद मशीन में डालता। एक-दो बार प्रयास के बाद वह मशीन खराब होने की बात कहता और ग्राहक को उसी बैंक का दूसरा कार्ड थमा देता। ग्राहक के बाहर जाते ही उसके कार्ड से रुपये निकाल लिए जाते थे। गिरोह पांच प्रदेशों में घूम-घूमकर इसी तरह जालसाजी करता था।

विधवा के एटीएम कार्ड से मोबाइल व कार की बैटरी खरीदने पर फंसे

- फोटो : amar ujala
एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बदमाशों ने कुछ दिन पहले मोहनलालगंज में विधवा विद्यावती नाम की महिला से इसी तरीके से ठगी की कोशिश की थी। विद्यावती ने बदमाशों की चाल पकड़ ली और उनसे उलझ गईं। इस पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और कार्ड लेकर भाग निकले।

बाद में इस कार्ड से उन्होंने तेलीबाग स्थित आरएस इलेक्ट्रॉनिक शॉप से मोबाइल खरीदा और चिनहट की स्वास्तिक बैटरीज से कार की बैटरी खरीदी थी। विद्यावती की तरफ से दर्ज एफआईआर में उनके कार्ड से की गई खरीदारी का पता चला तो पुलिस के हाथ बदमाशों तक पहुंच गए।

पुलिस ने तेलीबाग स्थित इलेक्ट्रॉनिक शॉप से मोबाइल फोन की आईएमईआई निकलवाई तो फोन कानपुर देहात के अकबरपुर में चलता पाया गया। पुलिस स्वास्तिक बैटरीज पहुंची तो वहां कार का नंबर मिल गया। बैटरी दुकान के मालिक ने कार में बैटरी लगाते वक्त कार का नंबर नोट कर लिया था। यह दोनों सुराग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए और बदमाश दबोच लिए गए।

कार खरीदने फ्लाइट से गए थे दिल्ली

सीओ हजरतगंज व साइबर सेल के नोडल अफसर अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि कार, एलसीडी टीवी, एयरकंडीशनर, स्मार्ट रेफ्रिजरेटर सहित इलेक्ट्रॉनिक्स के ढेरों उत्पाद बदमाशों ने खरीदे थे। दो दिन पहले कार खरीदने के लिए बदमाश फ्लाइट से दिल्ली गए थे।

पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने सुल्तानपुर में कई लोगों के एटीएम कार्ड उड़ाए और कार से लखनऊ आ गए। यहां बृजेश व संजय को ठगी करने के लिए छोड़कर वशिष्ट और धर्मेंद्र गो एयर की फ्लाइट से दिल्ली चले गए। दोनों अपने साथ कई एटीएम कार्ड भी ले गए थे।

पुलिस का कहना है कि दोनों ने दिल्ली में एटीएम कार्ड से रुपये निकाले और कार का सौदा किया। इसके बाद गो एयर की फ्लाइट से ही लखनऊ लौट आए। यहां आते ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। उनसे पूछताछ के बाद संजय और बृजेश को भी पकड़ लिया गया।

ऑर्केस्ट्रा के नाम पर लड़कियां बुलाकर करते थे अय्याशी
पुलिस ने बताया कि चारों बदमाश अव्वल दर्जे के अय्याश थे। दिल्ली और अन्य जगहों से आर्केस्ट्रा के नाम पर लड़कियां बुलवाते थे। राजधानी के होटलों-क्लबों में देर रात तक पार्टियां चलती थी।
विज्ञापन

बस्ती में रंगे हाथों पकड़ा गया था बदमाश

साइबर सेल के फिरोज ने बताया कि बदमाशों का साथी संजय बस्ती में एटीएम कार्ड से रुपये निकालते हुए पकड़ा गया था। पब्लिक ने उसे जमकर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में संजय ने कई वारदातों का खुलासा किया। इसके बाद बस्ती कोतवाली में पांच मुकदमे दर्ज किए गए थे। पकड़ा गया वशिष्ट सिंह बीटीसी तृतीय सेमेस्टर का छात्र बताया जा रहा है।

इस टीम ने किया खुलासा
गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही के अलावा साइबर सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर विजयवीर सिंह सिरोही, कांस्टेबल फिरोज बदर, अखिलेश कुमार, मो. शरीफ खान, संतोष कुमार, हरिकिशोर व इहशामुक हक के अलावा हजरतगंज थाना के दरोगा संदीप राय व कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह शामिल थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें