लखनऊ। ब्लिंकिट कंपनी के कलेक्शन एजेंट अर्पित अग्रवाल को गोली मारने वाले दो बदमाशों की फुटेज पुलिस को मिली है। इसमें दोनों बदमाश वारदात के बाद उमराव मॉल की तरफ भागते दिखे हैं। लूट के विरोध पर बदमाशों ने गोली मारी थी। एक गोली उनके बायें हाथ में लगी थी और दूसरी गोली पेट को छूते हुए निकल गई थी।
डीसीपी मध्य रवीना त्यागी ने बताया कि अंधेरे की फुटेज में दिख रहे दोनों लुटेरों के चेहरे साफ नहीं हैं। इसलिए पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस व क्राइम ब्रांच की चार टीमें लुटेरों की तलाश में लगी हैं। सर्विलांस की टीम घटनास्थल के पास लगे मोबाइल टावर की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाल रही है। आशंका है कि बदमाश आसपास के रहने वाले हो सकते हैं। उनको एजेंट के मूवमेंट की पूरी जानकारी पहले से थी। चौक के बाग महानारायण निवासी अर्पित को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित को कुछ लुटेरों की फोटो भी दिखाई, पर वह किसी को पहचान नहीं सके।