नर्स से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात के बाद तोड़ी सगाई
लखनऊ। काकोरी में निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने सहकर्मी अमित कुमार पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बृहस्पतिवार शाम दुष्कर्म और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से हरदोई निवासी पीड़िता वर्तमान में काकोरी में रहती है और उसका भाई पुलिस विभाग में सिपाही है। नवंबर 2023 में हरदोई के बघौली निवासी अमित कुमार से उसकी शादी तय हुई थी। जुलाई 2024 में हिंदू रीति-रिवाज से सगाई भी हो गई थी। आरोपी ने बार-बार मिलने का दबाव बनाया और हरिद्वार ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर दवाएं खिलाकर गर्भपात करा दिया गया। शादी का दबाव डाला तो आरोपी ने कार व भारी रकम की मांग की। असमर्थता जताने पर शादी से इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है।