पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह।
- फोटो : amar ujala
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देश का सबसे झूठा आदमी है...। वो अपने पूरे कार्यकाल के दौरान सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति ही करते रहे। जनता के लिए काम नहीं किया इसलिए वो चुनाव हार गए। दिल्ली एक केंद्र शासित प्रदेश है। केंद्र में भाजपा की सरकार है और राज्य में केजरीवाल की सरकार थी ऐसे में वहां की जनता को विकास का लाभ नहीं मिला। अब विकास होगा।
वहीं, मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत पर बृजभूषण ने कहा कि अयोध्या की जनता ने सपा सांसद अवधेश प्रसाद को चुनाव जिता दिया था और उपचुनाव में उनके ही बेटे को उम्मीदवार बनाया गया अगर यहां पर किसी और को उम्मीदवार बनाया जाता तो मुकाबला बेहतर हो सकता था।
जब ठीक से चुनाव लड़ना चाहिए था तब तो लड़े नहीं राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाताओं की संख्या को लेकर सवाल उठाने पर बृजभूषण ने कहा कि अब वहां पर सरकार बन चुकी है। नई सरकार शपथ ले चुकी है। वो अब सवाल उठा रहे हैं। उन्हें जब चुनाव लड़ना चाहिए था तो ठीक से लड़े नहीं। जनता के मुद्दे नहीं उठाए और जब चुनाव हार गए तो ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। अगर उनके पास सुबूत हैं तो कोर्ट जाना चाहिए।