लखनऊ। जानकीपुरम के जिम में मामूली कहासुनी के बाद जिम संचालक ने 20-25 लोगों के साथ मिलकर पूर्व डिप्टी सेक्रेटरी गृह विभाग महेंद्र सिंह, उनकी पत्नी बबिता और बेटे आदित्य प्रताप की लात घूसों, लाठी-डंडों व रॉड से पिटाई कर दी। इसमें महेंद्र व आदित्य को गहरी चोट आई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सैरपुर निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा आदित्य प्रताप सिंह 60 फीट रोड जानकीपुरम विस्तार स्थित प्रो फिटनेस स्टूडियो में जिम करने जाता है। शुक्रवार देर शाम 9:15 बजे आदित्य की जिम में युवक से कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। सूचना पर महेंद्र पत्नी बबिता सिंह के साथ जिम पहुंचे। वहां जिम मालिक व उनके 20-25 लोगों ने उन्हें घेर लिया और तीनों लोगों को लाठी, डंडों व रॉड से पीटा। हमले में महेंद्र के दाहिने हाथ की कोहनी में फ्रेक्चर हो गया। आदित्य को भी काफी चोट आई है। महेंद्र ने आरोप लगाया कि जिम मालिक ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी छेड़छाड़ की है।
इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया था, लेकिन प्रारंभिक जांच में उनका दोष साबित नहीं हुआ।