सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कोरोना से दो मंत्रियों की दुखद मृत्यु के बाद भी भाजपा सरकार सिर्फ राजनीति में उलझी है। टेस्टिंग व इलाज का हाल बहुत ही बुरा है। जनता का काम-व्यापार, नौकरी, रोजगार सब निचले स्तर पर है। अगर कुछ उच्चतम स्तर पर है तो वह है अपराध और सरकार की विपक्ष के प्रति बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई।
अखिलेश ने सपा मुख्यालय में प्रमुख नेताओं व विधायकों से मुलाकात की। गुरुवार को भी कुछ नेता उनसे मिले थे। सपा अध्यक्ष ने उनसे प्रदेश के हालात के साथ ही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी व कानून व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष ही नहीं, खुद भाजपा के सांसद और विधायक शासन-प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं।
प्रदेश में सरकारी सेवाओं में आरक्षण खत्म है। अब दलित व पिछड़े वर्ग के युवाओं को सड़क पर उतरकर साइकिल चलाने को कमर कस लेनी चाहिए। विधायकों ने कहा कि कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि चिंताजनक है। इलाज व अस्पतालों की दशा खराब है। भाजपा सरकार गंभीर नहीं है।