लखनऊ। चिनहट निवासी युवती ने पूर्व सहपाठी गोरखपुर के जगदीशपुर निवासी राज गौरव यादव पर उन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने, सरेराह पीटने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। राज के पिता बलराम यादव और मां आरती कुमारी पर उसका साथ देने का आरोप है। चिनहट पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पीड़िता के मुताबिक काफी साल पहले वह और आरोपी एक कॉलेज में पढ़ते थे। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ने पर आरोपी ने उनकी कुछ तस्वीरें खींच लीं। इस बीच उन्हें पता चला कि आरोपी सट्टेबाज है। वह उनसे, उनकी मां और पिता से रुपये उधार लेने लगा। उनका मोबाइल हैक कर फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि एक दिन पीड़िता दोस्तों के साथ घूमने निकली थीं, तभी आरोपी वहां आ गया और सरेराह उन्हें कई थप्पड़ जड़ दिए। वह उन पर होटल में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।
गर्भावस्था संबंधी रिपोर्ट की वायरल
पीड़िता का आरोप है कि राज ने उनकी गर्भावस्था संबंधी रिपोर्ट वायरल कर दी और उनके मां-पिता को भेज दी। इस कारण मां-पिता ने उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बावजूद आरोपी नहीं माना और लगातार अभी भी उन्हें मेल और व्हाट्सएप पर मेसेज भेज कर ब्लैकमेल कर रहा है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक आरोपी और पीड़िता पहले लिवइन में रहते थे। फिर दोनों अलग हो गए। इसके बाद से आरोपी पीड़िता को परेशान कर रहा है। केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।