लखनऊ। सरोजनीनगर के हनुमानपुरी निवासी राम सुंदर त्यागी ने मड़ियांव स्थित एसबीआई शाखा राम-राम बैंक चौराहा के पूर्व कर्मी व उसके दो साथियों पर उनकी कार और लाखों के जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राम सुंदर ने बताया कि छह माह पहले उन्हें अपनी कार पर लोन लेना था। अक्टूबर 2025 को उन्हें बैंक से कॉल आई थी। बैंक की ओर से बताया गया कि उनकी कार का निरीक्षण होना है। 16 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:00 बजे वह कार लेकर बैंक पहुंचे। वहां बैंक कर्मचारी सुशील मिश्रा और दो अज्ञात साथियों ने चाबी ले ली। उन्होंने मीटर नोट करने की बात कही और उन्हें बैंक में बैठा लिया।
कुछ समय बाद जब राम सुंदर बैंक से बाहर निकले तो उन्हें अपनी कार नहीं मिली। सुशील ने कार यार्ड में होने की बात कही, पर चाबी नहीं दी। आरोप है कि कार में दो लाख रुपये और बहू के लाखों के गहने थे, जिन्हें आरोपियों ने देने से मना कर दिया। थाने में शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।