सदर तहसील के गढ़ी सिलौली गांव में बाघ के होने की संभावना है। गांव में पंजे के निशान पाए जाने पर वाइल्ड लाइफ और वन विभाग की टीम ने डेरा डाल दिया है। टीम ने गांव में पिंजरा लगाया है।
ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है। मालूम हो कि गढ़ी सिलौली गांव में मंगलवार शाम अचानक शिकारी जानवर आने की सूचना से हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने जंगली जानवर को नीलगाय का शिकार करते हुए देख और उसकी दहाड़ भी सुनी।
सूचना पर डीएफओ राजीव मिश्रा ने रेंजर राजेश अवस्थी के नेतृत्व में एक टीम को मौैके पर भेजा। बुधवार को टीम ने ग्रामीणों के बताए गए स्थान से करीब छह किलोमीटर के दायरे में कांबिंग की।
मगर टीम को कोई बाघ या उसके जैसा कोई जानवर नहीं मिला। जिस स्थान पर जानवर ने नीलगाय का शिकार किया था वहां मिले पंजों के निशान को वन विभाग ने पहचान के लिए लखनऊ भेजा।