उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण की 11 लोकसभा सीटों के लिए अधिसूचना बुधवार 19 मार्च को दिन में 11 बजे जारी होगी।
इसके साथ ही दूसरे चरण की सीटों के लिए भी नामांकन पत्र भरने शुरू हो जाएंगे।
नामांकन पत्र 26 मार्च तक प्रत्येक कार्य दिवस में 11 बजे से तीन बजे तक भरे जाएंगे।
29 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। दूसरे चरण के चुनाव में 1.80 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि नामांकन दाखिल करने के लिए आरओ/एआरओ के कार्यालय के 100 मीटर के अंदर तीन वाहन ही लाए जा सकेंगे।
आरओ कक्ष में उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्ति यानी प्रस्तावक, निर्वाचन एजेंट व अन्य दो व्यक्ति ही जा सकेंगे।
मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय दल के उम्मीदवार को एक प्रस्तावक लाना होगा जबकि गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों को 10 प्रस्तावक की आवश्यकता होगी।
उमेश सिन्हा ने बताया कि प्रत्याशी देश के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से मतदाता हो सकते हैं किंतु उनके प्रस्तावक उसी क्षेत्र के मतदाता होने चाहिए जिस क्षेत्र से प्रत्याशी नामांकन भर रहे हैं।
शपथ पत्र नोटरी से जारी होना चाहिए। इसके सभी कालम भरे होने चाहिए। एक प्रत्याशी अधिकतम चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है।
इन सीटों के लिए होगा नामांकन
नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और खीरी।