लुलु ग्रुप के मुखिया यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री को बताया कि लखनऊ में शहीद पथ के किनारे बनाया जा रहा शॉपिंग मॉल भी बनकर लगभग तैयार है। अप्रैल महीने में इसका लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में फेयर इंडिया एक्सपोर्ट कंपनी के सीएमडी यूसुफ अली को ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण ने फूड पार्क के लिए कब्जा पत्र सौंपा
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर इकोटेक 10 में लुलु ग्रुप 20 एकड़ में प्रोसेसिंग फूड पार्क बनाने जा रहा है। 500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के सबसे बड़े फूड पार्क के लिए कब्जा पत्र बुधवार को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में फेयर इंडिया एक्सपोर्ट कंपनी के सीएमडी यूसुफ अली को ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण ने सौंप दिया। यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया है कि यह पार्क एक साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा।
विज्ञापन
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लुलु फूड पार्क बनने से यहां के युवाओं और किसानों को फायदा होगा। इस फूड प्रोसेसिंग पार्क से युवाओं को 700 प्रत्यक्ष और 1000 अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज के अच्छे दाम मिलेंगे। इस फूड पार्क से फलों एवं सब्जियों को अत्याधुनिक तकनीक से प्रोसेस करके उनकी पैकेजिंग कर निर्यात किया जाएगा। यह पार्क 20 हजार मीट्रिक टन स्टोरेज की क्षमता का होगा। इसमें दूध, कृषि एवं रेडी टू ईट वाले पैकिंगफूड उत्पाद को सुरक्षित किया जा सकेगा। यहां से अधिकतर उत्पाद मध्य एशियाई देशों में निर्यात किये जाएंगे। इस मौके पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने कहा कि लुलु फूड पार्क से स्थानीय कृषि उपज को बढ़ावा मिलेगा। वहीं यूसुफ अली ने कहा कि हम किसानों को बेहतर राजस्व उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश के किसानों से सीधे सोर्सिंग करेंगे।
अप्रैल में होगा लुलु मॉल का उद्घाटन
लुलु ग्रुप के मुखिया यूसुफ अली ने मुख्यमंत्री को बताया कि लखनऊ में शहीद पथ के किनारे बनाया जा रहा शॉपिंग मॉल भी बनकर लगभग तैयार है। अप्रैल महीने में इसका लोकार्पण किया जाएगा। दो हजार करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ में बन रहे इस हाइपर मार्केट मॉल में 220 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड, विश्व स्तरीय परिवार मनोरंजन केंद्र, 3000 की क्षमता वाले फू ड कोर्ट और वैश्विक व्यंजन पेश करने वाले रेस्टेरेंट होंगे। 11 स्क्रीन पीवीआर सिनेमा सहित कुल तीन हजार गाड़ियों की पार्किंग क्षमता होगी। यहां से 5000 युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा और 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।