श्रावस्ती। तराई में ठंड लगातार बढ़ रही है। शाम को शुरू हुआ घना कोहरा सुबह करीब नौ बजे तक बूंद बनकर बरसता रहा। इसके साथ ही पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। कोहरे की चादर चीर कर सोमवार निकली धूप ने लोगों को ठंड से मामूली राहत दिलाया।
जिले में कोहरे का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। घने कोहरे के कारण शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। कोहरे की चादर चीरकर निकला सूरज भी सर्द पछुआ हवाओं के कारण लोगों को कोई खास राहत नहीं दिला सका। वहीं सुबह शाम पड़ रही ठिठुरन से लोगों को ठंड से कंपकंपाते देखा जा रहा है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण बढ़ी ठिठुरन से जहां लोग अलाव का सहारा लेने को विवश हैं। वहीं पश्चिमोत्तर हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में नगर सहित गांव में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेने को विवश हो चुके हैं।