कोहरे में पटना से इंडिगो की उड़ान 6ई-925 चालीस मिनट लेट पहुंची। मस्कट से आने वाला विमान ओवी-705 एक घंटे, दिल्ली से इंडिगो की उड़ान 6ई-2107 सवा घंटे लेट रही। मुंबई जाने वाला विमान क्यूपी-1526 पौन घंटे, दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-6026 एक घंटे, हैदराबाद की उड़ान 6ई-523 पचास मिनट, कोलकाता की उड़ान 6ई-505 पैंतीस मिनट लेट रही। रियाद के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आइएक्स-189 सवा घंटे देरी से उड़न भर सका।
ट्रेनों की लेटलतीफी के बीच यात्री चारबाग, जंक्शन पर ठिठुरते नजर आए। चारबाग के प्रतीक्षालय और विश्रामालय फुल हो गए। एसी वेटिंग लाउंज भरे रहे। ट्रेनों की जनरल व स्लीपर बोगियों में सरसराती हवाओं ने सफर मुहाल किया। नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम पर ट्रेनों की स्थिति लगातार बदलने से यात्री परेशान होते रहे। उधर, उड़ानें लेट होने से अमौसी एयरपोर्ट पर भी यात्री चिंतित दिखे।
करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द पछुआ हवा ने रविवार को राजधानी में गलन बढ़ा दी। तीखी ठंड के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह से ही घना कोहरे की चादर छाई रही। सूरज दिनभर सूरज कोहरे की ओट में छिपा रहा। सुबह दृश्यता घटकर 150 मीटर तक सिमट गई।
बीते तीन दिन में राजधानी में मौसम ने अचानक करवट ली है। 25 से 28 दिसंबर के बीच दिन के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। रविवार को ठंड मौसम विभाग ने अति शीत दिवस घोषित किया।
ठंड से आम जनजीवन भी प्रभावित रहा। स्वेटर और शॉल भी सर्द हवा से मुकाबला करने में नाकाफी साबित हुए। चौराहों, गलियों और घरों के बाहर लोग अलाव तापते नजर आए। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से ज्यादा परेशानी हुई। रविवार को दिन का तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। रात का तापमान भी गिरकर 10.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
तीन दिन तक राहत के आसार कम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले तीन दिन तक राजधानी को कोहरे और गलन से राहत मिलने की संभावना कम है। इसके बाद दिन में हल्की धूप निकलने और तापमान में मामूली बढ़ोतरी से ठंड में कुछ कमी आ सकती है।