शहर में यातायात की बेहतर व्यवस्था और जाम से मुक्ति के लिए राजभवन की जमीन भी ली जाएगी।
इससे हैदर कैनाल पुुल चौड़ा हो सकेगा। इसके अलावा पॉलीटेक्निक चौराहे के ऊपर और पिकप भवन के पास ओवर ब्रिज का निर्माण भी होगा।
इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास शुक्रवार को सेतु भवन में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने किया।
हैदर कैनाल पुल को चौड़ा करने के लिए राजभवन की 104 वर्ग मीटर जमीन ली जाएगी। पीडब्ल्यूडी को यह जमीन देने के लिए गोपन विभाग ने अपनी सहमति दे दी है।
इस सड़क को चौड़ा करने के लिए राजभवन की बाउंड्रीवॉल तोड़नी होगी। पीडब्ल्यूडी की योजना के मुताबिक पहले चारदीवारी के अंदर नई चारदीवारी बना दी जाएगी।
उसके बाद ही बाहर वाली चारदीवारी को तोड़ा जाएगा। इससे यहां सड़क चार मीटर और चौड़ी हो जाएगी।
इससे लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा।इसके अलावा पिकप भवन के पास एल शेप में 25 करोड़ रुपये की लागत से उपरिगामी सेतु का निर्माण होगा।
पॉलीटेक्निक चौराहे के ऊपर फैजाबाद से निशातगंज मार्ग पर भी उपरिगामी सेतु बनेगा। इस पर नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। एतिहासिक पक्के पुल के समानांतर नए पुल का शिलान्यास भी किया गया।
इसी तरह से फतेहनगर और मलहा के बीच बेहता नाला पर सेतु, विकास खंड माल के अंतर्गत तेहनवा कोलवा चंद्रिका देवी मार्ग के मध्य गोमती नदी पर सेतु और अलीनगर खुर्द मौलवी खेड़ा मार्ग व झिंगी नाले पर आरसीसी पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
शुक्रवार को लखनऊ व कानपुर रोड से हरदोई रोड के बीच बुद्धेश्वर चौराहे के ऊपर बने छह लेन उपरिगामी सेतु का भी लोकार्पण किया गया।