लोग इस तरह से एक स्थान से दूसरे स्थान जा रहे हैं
- फोटो : amar ujala
पहाड़ों पर धुआंधार बारिश व बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण अवध के कई जिलों में बाढ़ से हालात बेकाबू हो गए हैं। शुक्रवार को बलरामपुर में बाढ़ के पानी में एक युवक व मासूम बह गई। बाराबंकी में घाघरा की कटान से एल्गिन-चरसड़ी बांध में रिसाव से हड़कंप मच गया।
बलरामपुर में बाढ़ से लबालब नाले को पार करते समय गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के मदरहवा निवासी राजकरन (22) बह गया। जबकि नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजलीपुर गांव में लवकुश की बेटी गुड़िया (3) खेलते समय अचानक गांव में भरे बाढ़ के पानी में बह गई। दोनों का पता नहीं चल सका है।
यहां राप्ती खतरे के निशान से 53 सेमी. ऊपर बह रही है। इससे शुक्रवार को 80 गांव और बाढ़ की चपेट में आ गए। जिला मुख्यालय के चारों तरफ भी बाढ़ का पानी भरने लगा है।