लखनऊ। नासिक और मुंबई में झमाझम बारिश केचलते ट्रेनों का संचालन सोमवार को भी बाधित रहा। हालांकि, लखनऊ से मुम्बई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस रवाना हुई। पर, गोरखपुर एलटीटी, गोरखपुर बांद्रा, मंडुआडीह पुणे एक्सप्रेस के कैंसिल होने से यात्री हलकान रहे। टिकट रिफंड के लिए पैसेजंर जूझते रहे। चारबाग ही नहीं, बादशाहनगर में भी लम्बी कतारें लगी रहीं।
दरअसल, पिछले कुछ समय से मुम्बई में तेज बारिश हो रही है, जिससे ट्रैक तक पानी में डूब गए हैं। जिसकी वजह से लखनऊ से मुंबई जाने और मुम्बई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों का संचालन बाधित हो रहा है। रविवार को लखनऊ आने वाली एलटीटी गोरखपुर सुपरफास्ट(12542), उद्योगनगरी एक्सप्रेस(12173), कुशीनगर एक्सप्रेस(11015), एलटीटी सुलतानपुर एक्सप्रेस(12143) और पुष्पक एक्सप्रेस(12534) को कैंसिल कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को लखनऊ वापस आने में छींके आ गईं। वहीं देर रात लखनऊ जंक्शन पर पुष्पक एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दी गई थी। कुशीनगर एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस के बादशाहनगर स्टेशन पहुंचते ही निरस्त कर दिया गया था। जबकि लखनऊ से कुशीनगर एक्सप्रेस का रैक वापस गोरखपुर रवाना कर दिया गया था। सोमवार को भी ट्रेनों का कैंसिलेशन बना रहा। हालांकि, लखनऊ जंक्शन से मुम्बई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस को मुंबई रवाना किया गया।
ये ट्रेनें रहीं निरस्त
गोरखपुर एलटीटी (15018/15063)
गोरखपुर बांद्रा (19038)
मंडुआडीह पुणे एक्सप्रेस (22132)
लखनऊ यशवंतपुर (12540)
रिफंड के लिए उमड़ी भीड़
रविवार को पुष्पक के निरस्त होने पर जो भीड़ लखनऊ जंक्शन पर उमड़ी थी, वह देर रात तक बनी रही। सोमवार को भी पांच ट्रेनों के कैंसिल हो जाने से जंक्शन, बादशानगर, चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रिफंड केलिए जुटी रही। आरपीएफ व जीआरपी ने यात्रियों को नियंत्रित किया। इस बीच कैश भी खत्म हो गया। लेकिन रेलवे ने कैश मंगवाकर यात्रियों को रिफंड किया।