परिचालक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत।
- फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में एक संविदा परिचालक से पैसे छीनकर धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, जिले के अखंडनगर थाने के दादूपुर निवासी शिव प्रकाश शुक्ल पुत्र योगेंद्र कुमार शुक्ल परिवहन निगम के शाहगंज डिपो में संविदा परिचालक के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार को रात लगभग 7:30 बजे, जब वह बस संख्या UP 50 BT 4574 से सुल्तानपुर से शाहगंज की ओर जा रहे थे, रास्ते में डड़वा चौराहे से 50 मीटर आगे पहुंचे थे कि तभी संविदा परिचालक पवन शुक्ल अपनी मौसी के लड़के आदित्य और टीआई विजय चतुर्वेदी को बुलेट बाइक से भेजकर बस की चेकिंग कराई। बस में सबकुछ सही होने के बाद भी टीआई ने पहले 2 यात्री और बाद में 9 यात्री बेटिकट होने की बात कही। पवन शुक्ल ने आदित्य की मोबाइल पर फोन करके ₹5000 की मांग की।
आरोप है कि पैसे देने से मना करने पर पवन ने आदित्य को ललकार कर बैग से ₹5000 जबरदस्ती छीन लिए और धमकी दी कि रोड पर चलना है तो कहीं शिकायत नहीं करोगे। पीड़ित ने घटना की जानकारी एआरएम सुल्तानपुर और अयोध्या को दी। जिम्मेदारों के निर्देश के बाद परिचालक शिव प्रकाश शुक्ला ने देर रात मोतिगरपुर थाने में टीआई सहित तीनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामला आपसी लेनदेन का लग रहा है। प्रथम दृष्टया छिनैती जैसी कोई घटना नहीं लग रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।