डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध कॉलेजों के करीब 5,000 स्टूडेंट्स का नामांकन रद्द हो जाएगा। इन छात्रों के नामांकन फॉर्म में कई गड़बड़ियां हैं, जिन्हें दुरुस्त कराने के लिए एकेटीयू ने कॉलेजों को बुधवार तक का समय दिया था।
इसके बावजूद विभिन्न कॉलेजों ने इन स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्र विवि को उपलब्ध नहीं कराए। जबकि विवि में देर रात तक स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया।
दर्जनों कॉलेजों के प्रतिनिधि बुधवार को स्टूडेंट्स के मूल प्रमाण पत्रों के साथ विवि पहुंचे। रजिस्ट्रार कार्यालय व कई अन्य कार्यालयों में इनके दस्तावेज सत्यापन कराकर अपलोड किए गए।
जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग 14-15 हजार स्टूडेंट्स के ही डाक्यूमेंट जमा किए गए हैं। सत्यापन की यह प्रक्रिया 27 फरवरी से चल रही है। बता दें, एकेटीयू प्रशासन ने नामांकन फॉर्म में पूरे और सही दस्तावेज न लगाने के कारण 19,834 स्टूडेंट्स का नामांकन निलंबित कर दिया था।