सीतापुर। 220 केवी हुसैनगंज उपकेंद्र में रविवार को मरम्मत का काम हुआ। इस उपकेंद्र से जुड़े शहर व आसपास गांवों में तीन घंटे की बिजली कटौती हुई। बिजली कटौती की वजह से 50 मोहल्ले व 30 गांवों की करीब तीन लाख आबादी प्रभावित हुई।
220 केवी हुसैनगंज उपकेंद्र से 33 केवी पुराना सीतापुर, 33 केवी कोर्ट, 33 केवी भवानीपुर, 33 केवी सिटी, 33 केवी हुसैनगंज उपकेंद्र जुड़े हैं। अनुरक्षण कार्य के चलते 220 केवी उपकेंद्र सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक बंद रहा।
रविवार होने के कारण लोग खासे परेशान रहे। घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। व्यापारियों का कारोगार प्रभावित हुआ। हालांकि बिजली विभाग ने पहले ही कटौती की जानकारी उपभोक्ताओं को दे दी थी। इसके बावजूद तमाम उपभोक्ता जानकारी के अभाव में अफसरों को शिकायत करते रहे।
अफसरों ने उपभोक्ताओं को जल्द बिजली बहाल होने का आश्वासन दिया। इस कटौती से विकास नगर, खूबपुर, विजयलक्ष्मी नगर, दुर्गापुरवा, कांशीराम कालोनी, तरीनपुर सहित शहर के करीब 50 मोहल्लों में बिजली गुल रही।
इसी तरह शहर के आसपास गांवों में बिजली का संकट बना रहा। इस कटौती के बाद बिजली बहाल हुई तो बारिश के कारण कई जगहों पर फॉल्ट आ गई। बारिश के समय इस फॉल्ट को सही करना आसान नहीं रहा।
अधीक्षण अभियंता रामशब्द ने बताया कि मरम्मत के बाद बिजली बहाल कर दी गई है। बारिश के कारण कई जगहों पर दिक्कत आई है। इसे दुरुस्त किया जा रहा है।