लखनऊ। काकोरी इलाके में बिना पंजीकरण व मानक के चल रहे पांच अवैध अस्पतालों को बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने सीएचसी प्रभारी को सख्ती से इसका अनुपालन कराने के लिए कहा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण व मानक पूरे किए किसी भी अस्पताल का संचालन नहीं होगा।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर बीते दिनों कार्यालय के डॉ. संदीप सिंह ने काकोरी सीएचसी प्रभारी के साथ काकोरी के पांच निजी अस्पताल व क्लीनिक पर छापा मारा था। इसमें से तीन अस्पतालों के संचालक टीम को देखकर ताला बंदकर भाग गए थे। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह का कहना है कि जांच में किसी भी अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला था। फायर, प्रदूषण व बायोमेडिकल वेस्ट के लिए एनओसी तक नहीं था।
डॉ. एपी सिंह ने बताया कि मरीजों की जान से खेल रहे अवैध अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया था। ताला बंदकर भागे तीनों अस्पतालों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। लिहाजा मानक के खिलाफ चल रहे अस्पतालों को बंद करने का आदेश दिया गया है। इसमें आरोही क्लीनिक, राहत पालीक्लीनिक, प्रयाग, हेल्थ हॉस्पिटल व सतीश पॉली क्लीनिक को बंद कराया जाएगा। सीएचसी प्रभारी को पांचों अस्पतालों का संचालन न होने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी अस्पताल चलते मिले तो केस दर्ज कराया जाएगा।