पुलिस अधीक्षक ने किया घटना का खुलासा।
- फोटो : amar ujala
बलरामपुर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम से स्पंज आयरन की चोरी के मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 32 हजार रुपये नकदी व 1.75 लाख रुपये की कीमत वाले पांच स्मार्ट फोन भी बरामद किए गए हैं। एसपी विकास कुमार ने सोमवार को घटना का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर 2024 को प्रकाश रोड लाइंस असुरन चौक थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर निवासी जय प्रकाश पांडेय ने बलरामपुर नगर कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया था कि बलरामपुर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के बगल में रखे स्पंज आयरन को वह विभिन्न फैक्ट्रियों में रेलवे वैगन के माध्यम से सप्लाई का कार्य करते हैं।
जंगल तुलसीराम बिछिया वार्ड शिवपुर थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर निवासी हरिकेश पांडेय ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी कूटरचित अभिलेखों के जरिए 40 टन स्पंज आयरन चोरी से बेच दिया है। नगर कोतवाली में केस दर्ज होने पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी नम्रिता श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी नगर बृजनंदन राय के नेतृत्व में नगर कोतवाली की पुलिस व स्वाट टीम को घटना के अनावरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस टीम ने मामले की छानबीन करके हरिकेश पांडेय के साथ थाना महराजगंज तराई के रजवापुर निवासी सुरेश द्विवेदी, थाना हरैया के मणिपुर बाजार निवासी रमेश कुमार ठठेर, जनपद कानुपर नगर के थाना रायपुरवा सिटी क्लब जीटी रोड अनवरगंज निवासी आशीष गुप्त उर्फ तन्नू तथा थाना महराजगंज तराई के जयनगरा निवासी महमूदुर्रहमान को गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर फुलवरिया बाईपाास चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 32 हजार रुपये नकदी व पांच स्मार्ट फोन बरामद किया गया है। सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया है।