लखनऊ। ठाकुरगंज के बरी कला निवासी मछुआरा सनोज कश्यप (50) रविवार सुबह करीब 10 बजे कैटिल कॉलोनी के पास गोमती नदी में डूब गए। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से सनोज की तलाश की जा रही है।
रिश्तेदार मुन्ना के मुताबिक सनोज रविवार सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। छोटे बेटे विकास से कह कर गए थे कि कुछ देर बाद कैटिल कॉलोनी बंधे के पास आकर मछलियां ले जाना। दोपहर में विकास जब वहां पहुंचा तो सनोज ने नदी से जाल खींच कर किनारे रख दिया और मछलियां देकर विकास को घर भेज दिया। इसके बाद सनोज नदी में नहाने चले गए। शाम तक सनोज के घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश करने गोमती किनारे पहुंचे। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी सनोज का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सनोज की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ को बुलाया गया। सनोज के परिवार में पत्नी सुनीता, बेटे जितेंद्र, धर्मेंद्र और विकास हैं।
परिजनों का पुलिस पर लापरवाही का आरोप
आरोप है कि सनोज के डूबने की सूचना रविवार शाम पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस कर्मियों ने बारिश और अंधेरे का बहाना बता कर परिजनों को लौटा दिया। सोमवार सुबह 10 बजे ठाकुरगंज पुलिस और 11 बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसकी वजह से सनोज का पता नहीं चल सका।
सनोज कश्यप की फाइल फोटो।
सनोज कश्यप की फाइल फोटो।