मोहनलालगंज में रविवार को देर रात करीब 11.30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने भाजयुमो के जिला मंत्री अभिषेक तिवारी पर फायरिंग कर दी। अभिषेक का कहना है कि उन्हें निशाना बनाते हुए बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस के मुताबिक, मामला संदिग्ध लग रहा है। मौके से कोई खोखा नहीं मिला है।
प्रभारी निरीक्षक गऊदीन शुक्ला के मुताबिक, डिप्टीगंज निलमथा निवासी अभिषेक तिवारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री है। अभिषेक के मुताबिक, वह रविवार रात अपने दोस्त मोहद्दीनपुर निवासी राहुल रावत के घर गए थे। उनके साथ रजनीश और रवि भी थे।
देर रात लौटते वक्त खुजौली उद्घवतखेड़ा के मोड़ पर कस्तूरबागांधी विद्यालय के पास गाड़ी रोकी। वह गाड़ी से उतरे ही थे कि पीछे से आए बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही राहुल ने अभिषेक को कार के अंदर खींच लिया।
इस बीच बाइक सवार फायरिंग करते ही मौके से भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, भाजयुमो नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विद्यालय के सुरक्षाकर्मी ने फायरिंग की आवाज से इनकार किया है।