मामले की पड़ताल करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के गोसाईंगंज के पहासा गांव में शुक्रवार देर रात घर में सो रहे किसान को अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी। गनीमत रही कि बुलेट किसान के सिर में दाहिने तरफ छूते हुए निकल गई। परिजन घायलावस्था में सरकारी एंबुलेंस से उसे पहले सीएचसी गोसाईंगंज लेकर पहुंचे। इसके बाद ट्रामा सेंटर ले गये। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। शनिवार सुबह थाने पहुंचे किसान ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने किसान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस को मौके से एक कारतूस बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज ब्रजेश त्रिपाठी के मुताबिक बाराबंकी जिले के लोनी कटरा क्षेत्र के रबड़रिहा के मूल निवासी किसान सहजराम (62) पिछले 40 वर्षों से गोसाईंगंज के पहासा स्थित अपनी ससुराल में परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार रात वह घर के अंदर सीढ़ियों के पास कमरे में सो रहे थे। किसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि देर रात करीब दो बजे किसी ने उनपर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली इनके सिर के दाहिने तरफ छूते हुए निकल गई और वह बाल बाल बच गये। हालांकि बगल में दूसरे बेड पर सो रही पत्नी गंगाजली और ऊपर कमरे में दो मासूम बच्चियों के साथ सो रही बड़ी बहू पूजा को गोली चलने की आवाज नहीं सुनाई दी।
ये भी पढ़ें - यूपी: भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बने उपचुनाव, केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा प्रत्याशियों के नाम
ये भी पढ़ें - पहली मानसूनी बारिश ने लखनऊ समेत प्रदेश को भिगोया, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
सहजराम के चिल्लाने पर पत्नी की आंख खुल गई। सिर से खून बहता देख वह घबरा गईं और पूर्व प्रधान अशोक पाल को फोन कर मदद मांगी। अशोक एंबुलेंस से उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर भेज दिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद हालत खतरे से बाहर होने के चलते इनको मेडिकल कॉलेज से घर भेज दिया गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी।
वारदात की सूचना पाकर इंस्पेक्टर गोसाईंगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पड़ताल के दौरान मौके से एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से बातचीत कर घटना की जानकारी की। किसान पर गोली किसने और क्यों चलाई? पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है।
एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया कि किसान पत्नी के साथ घर के अंदर सीढ़ियों के पास खुले कमरे में सो रहा थे। आशंका है कि छत के रास्ते घुसे किसी आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।